भीलवाड़ा , अगस्त 25 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक महिला की कार से कुचलकर हत्या करने के मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि घटना में मुख्य आरोपी मोहम्मद तौसीफ उर्फ बंटी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब उसके साथ घटना के समय कार में मौजूद बताये जा रहे साजिद उर्फ चांद, सरफु और मोहम्मद समीर को भी पुलिस ने दबोंच लिया है।

पुलिस के अनुसार घटना 18 अगस्त की है। प्रियदर्शनी नगर में अभ्रक कारखाने के सामने लाली देवी लुहार मवेशी चरा रही थीं। इसी दौरान बंटी अपने साथियों के साथ किशन लुहार से पैसों के लेन-देन को लेकर वहां पहुंचा था।

आरोप है कि विवाद के दौरान कार से लाली देवी को पीछे से टक्कर मारी गयी। इसके बाद कार उनके ऊपर दो-तीन बार चढ़ा दी गयी। गंभीर रूप से घायल लाली देवी की बाद में मौत हो गयी।

मामले में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के साथ तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी बंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित