अलवर , जुलाई 31 -- राजस्थान में अलवर के एनईबी थाना क्षेत्र में स्थित हनुमान सर्किल पर दिनदहाड़े चोरी की वारदात का मामला सामने आया है। हनुमान मंदिर पुलिस चौकी से महज 20 फुट की दूरी पर सड़क किनारे लगी चीनी मिट्टी के बर्तनों की दुकान से कार सवार एक महिला और एक पुरुष कई बर्तन चोरी करके फरार हो गए। पूरी घटना पास में मौजूद एक ठेला संचालक ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित दुकानदार संजय लोहार बुधवार दोपहर किसी काम से अपने मित्र के साथ बाहर गया था। जाने से पहले उन्होंने दुकान पर रखे बर्तनों को तिरपाल से ढक दिया था। इसी दौरान कार से आए महिला और पुरुष ने तिरपाल हटाकर कई चीनी मिट्टी के बर्तन कार में रख लिए और मौके से फरार हो गए। वापस आने पर संजय को सामान बिखरा मिला। जांच करने पर कई हजार रुपये कीमत के बर्तन गायब मिले। घटना की शिकायत पुलिस को दी गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित