ग्रेटर नोएडा, जुलाई 13 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा सूरजपुर थाना क्षेत्र के डेल्टा-तृतीय ओ ब्लॉक की सर्विस रोड पर रविवार देर रात एक खड़ी स्कॉर्पियो कार में 36 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के पास से एक तमंचा भी बरामद हुआ है।
पुलिस द्वारा सोमवार को जानकारी देते हुए बताया गया कि,स्थानीय पुलिस की लेपर्ड टीम नियमित गश्त पर थी। टीम साईं मंदिर गोल चक्कर से डेल्टा-तृतीय ओ ब्लॉक के तिराहे की ओर जा रही थी। इसी दौरान सर्विस रोड पर एक स्कॉर्पियो कार संदिग्ध अवस्था में सड़क किनारे खड़ी दिखाई दी। कार की बैक लाइट और आगे की लाइटें जल रही थीं।
लेपर्ड कर्मियों ने कार चालक को वाहन हटाने के लिए आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिसकर्मी जब वाहन के पास पहुंचे तो देखा कि ड्राइविंग सीट पर बैठा व्यक्ति लहूलुहान हालत में था और उसके शरीर से काफी रक्त बह चुका था। कार के पास से एक तमंचा भी बरामद हुआ।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और फोरेंसिक टीम को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान सौराज पुत्र प्रेमराज, निवासी ग्राम जुमरथपुर, दिल्ली तथा वर्तमान निवासी मिग्सन ग्रीन सोसाइटी, थाना सूरजपुर, जनपद गौतमबुद्धनगर, उम्र लगभग 36 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और बरामद तमंचे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित