भीलवाड़ा , मार्च 21 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के शक्करगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक लावारिस छोड़ी गई बिना नंबरी थार गाड़ी और उसमें मिले जिंदा कारतूसों के मामले में मध्य प्रदेश के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी पूरणमल मीणा ने शनिवार को बताया कि यह घटना 14 मार्च की है। मांडलगढ़ और बिगोद पुलिस ने सूचना दी थी कि एक सफेद रंग की बिना नंबरी थार गाड़ी, जिसमें चार हथियारबंद बदमाश सवार हैं, गोपालपुरा टोल तोडक़र काछोला की तरफ तेज रफ्तार में आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए बीट कांस्टेबल फूलसिंह के जरिए रामपुरा गांव के ग्रामीणों को सतर्क किया। ग्रामीणों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए रास्ते में ट्रैक्टर खड़े कर दिए। उनसे बचते हुए बदमाशों ने गाड़ी को कच्चे रास्ते और स्कूल के पास से भगाने की कोशिश की, लेकिन आगे तालाब होने के कारण कार फंस गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित