अलवर , मई 20 -- राजस्थान में अलवर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक कार रिपेयरिंग सेंटर पर खेलते-खेलते खड़ी कार में बैठी दो मासूम बहनों की दम घुटने से मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना पूर्वाह्न करीब 11 बजे की है। बच्चियों के पिता रमेश सैनी हेयर सैलून पर काम करने गए थे। मध्याह्न करीब साढ़े 12 बजे जब वह खाना खाने घर पहुंचे तो दोनों बेटियां घर पर नहीं मिलीं। आसपास तलाश करने पर दोनों एक खराब कार के अंदर अचेत अवस्था में मिलीं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि मृत बच्चियों की पहचान आठ वर्षीय टीना और पांच वर्षीय लक्ष्मी के रूप में हुई है। पिता रमेश ने बताया कि दोनों खेलते-खेलते पास के विनोद कार रिपेयरिंग सेंटर पर पहुंच गई थी। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें कई बार वहां से हटाया भी था, लेकिन दोनों दोबारा जाकर लाल रंग की कार में बैठ गईं। अचानक कार का दरवाजा बंद हो गया। इसके बाद वे बाहर नहीं निकल सकी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दोनों बच्चियां कार में बैठती दिखाई दे रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित