हरिद्वार , मई, 26 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र में गंगनहर पटरी मार्ग पर सोमवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा लिब्बरहेड़ी गांव के पास उत्तम शुगर मिल के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और बाइक सवार पति-पत्नी सड़क किनारे स्थित गहरी खाई में जा गिरे। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला। मृतकों की पहचान लाडला अली (37) एवं उनकी पत्नी गुलफ्शा (30), निवासी ग्राम कम्हेडा तुगलकपुर, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। बताया गया कि दंपति निजी कार्य से उत्तराखंड आए थे और देर शाम अपने घर लौट रहे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित