अंबिकापुर , अप्रैल 06 -- छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर के धौरपुर थाना क्षेत्र के डुमरडीह गांव में कार और ऑटो की मामूली टक्कर से शुरू हुआ विवाद साम्प्रदायिक झड़प में बदल गया, जो लगातार तीसरे दिन भी तनाव का कारण बना रहा। रविवार और सोमवार को आगजनी और बलवा करने के आरोप में पुलिस ने आज चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) राजेंद्र मंडावी से मिली जानकारी के अनुसार कल एक ठेले और ऑटो को आग के हवाले किया गया था। पुलिस ने आगजनी और बलवा करने के आरोप में आज चार युवकों को गिरफ्तार किया है। डीआईजी समेत भारी बल ने मौजूद रहकर इलाके में शांति बहाली कर रखी है।

यह घटना चार अप्रैल की दोपहर की है, जब कार और ऑटो के बीच हल्की टक्कर के बाद विवाद शुरू हुआ। इस मामले में एक पक्ष का संबंध रोहितेश्वर प्रताप सिंह से है, जबकि दूसरा पक्ष ऑटो चालक कादिर खान और उसके साथियों का है। क्षेत्र में स्थिति संवेदनशील होने के कारण विवाद ने तेजी से तूल पकड़ा और दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। प्रारंभिक विवाद के दौरान ऑटो चालक पक्ष के लोगों द्वारा मारपीट की घटना सामने आई।

इस घटना से आक्रोशित दूसरे पक्ष ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ऑटो और एक ठेले में आग लगा दी तथा एक बस में तोड़फोड़ की। देखते ही देखते गांव में हालात बिगड़ गए और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप करना पड़ा।

क्षेत्र में आज भी क्षेत्र में कर्फ्यू जैसे हालात बने रहे और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई। डीआईजी स्तर के अधिकारियों ने मौके पर रहकर स्थिति की निगरानी की है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक कार्रवाई में कादिर खान सहित उसके पक्ष के पांच लोगों को फार्म हाउस में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद आज रोहितेश्वर प्रताप सिंह से जुड़े पक्ष के कुछ युवाओं द्वारा दूसरे पक्ष के इलाके में जाकर ऑटो और ठेले में आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया। इस पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए इस पक्ष के चार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकार कुल नौ आरोपियों के खिलाफ बलवा, आगजनी, मारपीट और शांति भंग सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।

मामले की पृष्ठभूमि में दर्ज प्रकरण के अनुसार, प्रार्थी रोहितेश्वर प्रताप सिंह ने शिकायत में बताया था कि चार अप्रैल को कादिर खान और उसके साथियों ने उनके फार्म हाउस में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और तोड़फोड़ की। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है तथा आरोपियों के पास से पेचकस और डंडा जब्त किया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त रखी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित