श्रीगंगानगर , मई 23 -- राजस्थान में श्री गंगानगर जिले के सूरतगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने कहा है कि भाजपा विचार आधारित पार्टी है और कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है।
श्री माहुर ने शनिवार को यहां भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाभियान के तहत आज से शुरू हुए कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि पार्टी में कार्य करते समय राष्ट्र प्रथम की भावना को धारण करते हुए संगठन और समाजहित में निरंतर काम करना हर कार्यकर्ता का दायित्व है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष शरणपालसिंह ने प्रशिक्षण वर्ग की प्रस्तावना रखते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्रहित और सेवा भाव से कार्य करने वाला वैचारिक संगठन है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करते हैं और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करके, दीप प्रज्वलन एवं वंदेमातरम् के सामूहिक गायन के साथ किया गया।
उद्घाटन सत्र में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री सुरेंद्रपालसिंह टीटी, जिला संगठन प्रभारी दशरथसिंह शेखावत, प्रशिक्षण वर्ग जिला प्रभारी शंकरसिंह राजपुरोहित, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद निहालचंद मेघवाल, कला बोर्ड अध्यक्ष प्रहलादराय टाक, पूर्व विधायक बलबीरसिंह लूथरा और जिला महामंत्री प्रदीप धेरड़ एडवोकेट सहित कई नेता मंच पर मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित