प्रताप गढ़ , सितंबर 06 -- उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के पिछड़ा वर्ग के प्रदेश सचिव अवधेश कुमार उर्फ पंचू यादव ने कहा कि एक-एक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ता ही बूथ स्तर तक मेहनत करता है। सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि है।

श्री अवधेश कुमार रविवार को प्रताप गढ़ में पार्टी कार्यालय पर पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ एवं व्यापार सभा की समीक्षा बैठक को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर गांव-गांव पीडीए पंचायत कार्यक्रम आयोजित कर भाजपा सरकार कि जनविरोधी नीतियों को जनता के बीच बताये। भाजपा सरकार में छात्र, नौजवान, किसान महिलाएं सभी परेशान है। मंहगाई चरम पर है, पढ़े लिखे युवाओं के लिए रोजगार नहीं है। किसान खाद बीज के लिए परेशान है। महिलाओं के साथ भाजपा सरकार में बलात्कार हत्याएं जैसी घटनाएं बढ़ती जा रही है। गरीब परिवार दो वक्त की रोटी नहीं जुटा पा रहा है।

व्यापार सभा के प्रदेश सचिव प्रवीण केसरवानी ने कहा कि भाजपा सरकार ने जीएसटी लगाकर व्यापारी वर्ग को ठगने का काम किया। खाद्य सामाग्री दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही। भाजपा सरकार पूरी तरह विफल है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष आशुतोष पांडेय व संचालन पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष मनीष पाल ने की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित