भरतपुर , जून 15 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं नव निर्वाचित सांसद डॉ सतीश पूनियां ने कहा है कि वह राज्यसभा सदस्य के रुप में मिली नई जिम्मेदारी की भूमिका में पार्टी कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं के अनुरुप काम करते हुए इस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे।

डॉ पूनियां सोमवार को भरतपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि उनके राज्यसभा सांसद बनने के बाद कहा गया कि और लोगों की भांति ही वह भी राज्यसभा के लिए चुने गए हैं इसमें कार्यकर्ताओं के जश्न मनाने जैसी क्या बात हैं। इस पर उन्होंने कहा कि वह पार्टी के सामान्य कार्यकर्ता की तरह ही हैं और उनका काम नहीं बदला हैं, टाईटल बदला हैं इसलिए कार्यकर्ता खुश हैं।

उन्होंने कहा कि अपेक्षाएं भी रहती हैं और वह राज्यसभा सदस्य के नाते कोशिश करेंगे कि इस भूमिका में भी किसी कार्यकर्ता को निराश नहीं करते हुए उनकी अपेक्षा के अनुरुप भूमिका निभाने की पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा वह कोशिश करते हैं कि उनके पास आने वाला हर कार्यकर्ता निराश होकर नहीं जाये और जीवन को ऐसा बनाऊ कि अपनी कलम और जुबान से कार्यकर्ता को सम्मान एवं समाधान दे सकूं।

डॉ पूनियां ने ब्रज की भूमि से उनका लगाव बताते हुए कहा कि व्यक्ति के जीवन में बहुत अवसर आते हैं और राजनीति में उतार चढ़ाव, हार जीत, आशा निराशा, संघर्ष यह सब रहता है और उनके जीवन में अजमेर एवं भरतपुर दो ऐसे क्षेत्र है जहां से उनके राजनीतिक जीवन की किसी न किसी रुप में शुरुआत हुई।

उन्होंने कहा कि करीब 1983 में कालेज के समय में भरतपर विद्यार्थी परिषद के अधिवेशन से शुरुआत हुई और उस समय से वह भरतपुर आते जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह युवा मोर्चा के अध्यक्ष बने थे और उस समय हमारी 33 सीटें आई थी। तय किया गया था कुछ नया काम किया जाये और अजमेर से भरतपुर यात्रा का निर्णय लिया और यह यात्रा अजमेर में सम्राट पृथ्वीराज चौहान के स्मारक से शुरु की और इसका समापन भरतपुर में महाराजा सूरजमल के स्मारक पर किया गया।

डॉ पूनियां ने कहा कि उस यात्रा ने उन्हें बड़ा आत्मविष्वास एवं प्रतिष्ठा दी। इस कारण अजमेर और भरतपुर इन दो जगहों का उन पर खास आर्शीवाद हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने यह अवसर दिया हैं और जो अवसर दिए वह पार्टी ने दिए है। संगठन से जुड़कर व्यक्ति काम करता हैं और ईश्वर की कृपा एवं माता पिता के आर्शीवाद के बाद तीसरा आर्शीवाद संगठन का होता हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित