लखनऊ , अगस्त 21 -- तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी की धारदार गेंदबाजी की बदौलत मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के बारिश से प्रभावित मुकाबले में शुक्रवार को नोएडा किंग्स को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (डीएलएस) पद्धति से 23 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ मेरठ ने टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत दर्ज करते हुए अपना अजेय अभियान जारी रखा।
अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मेरठ ने पहले खेलते हुये 116 रन बनाये जिसके जवाब में 10.2 ओवर के खेल में 51 रन बनाये जिसके बाद बारिश शुरु हो गयी और खेल दोबारा शुरु नहीं हो सका। अंतत: मैच का फैसला डीएलएस पद्धति से लिया गया जो मेरठ के पक्ष में गया।
इससे पहले कप्तान रिंकू सिंह ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन नोएडा के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बना दिया। कुणाल त्यागी ने पहले ही ओवर में लगातार दो गेंदों पर स्वास्तिक चिकारा (1) और ऋतुराज शर्मा (0) को पवेलियन भेज दिया। मेरठ ने पावरप्ले में चार विकेट गंवा दिए और सात ओवर के भीतर पांच विकेट पर महज 35 रन बनाकर संघर्ष कर रहा था। दिव्यांश राजपूत नौ रन बनाकर कुणाल त्यागी की गेंद पर कार्तिक त्यागी को कैच दे बैठे, जबकि दिव्यांश जोशी चार रन बनाकर प्रशांत वीर की गेंद पर कार्तिक के हाथों लपके गए। पिछले मैच के नायक कप्तान रिंकू सिंह भी दो रन बनाकर पगबाधा आउट हो गए।
एक छोर पर अक्षय दुबे ने मोर्चा संभाला और 41 गेंदों पर छह चौकों तथा एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 43 रन बनाए। संदीप तोमर ने 14 और यश गर्ग ने 16 रन का योगदान दिया, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण मेरठ की पूरी टीम 19.3 ओवर में 116 रन पर सिमट गई।
नोएडा की ओर से कुणाल त्यागी ने चार ओवर में 16 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि प्रशांत वीर ने चार ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। 117 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा किंग्स की शुरुआत भी खराब रही। पहले ओवर की दूसरी गेंद पर शिवा सिंह चार रन बनाकर विशाल चौधरी का शिकार बने। इसके बाद कार्तिक त्यागी ने अपनी तेज रफ्तार गेंदों से नोएडा की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। कार्तिक ने दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर शौर्य सिंह (1) को आउट किया और अगली ही गेंद पर आदित्य शर्मा (0) को एलबीडब्ल्यू कर दिया। उनकी गेंदों की रफ्तार करीब 149 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंची।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित