शिवपुरी , अक्टूबर 09 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी में कारों की छत पर युवतियों को बैठाकर गरबा आयोजन का प्रचार करने के मामले में यातायात पुलिस ने छह कारों पर कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कल शाम सोशल मीडिया पर इन कारों का वीडियो प्रसारित हुआ था, जिसमें कारों की छत पर बैठी युवतियां शहर में आयोजित गरबा नृत्य कार्यक्रम का प्रचार करती दिखाई दे रही थीं। वीडियो सामने आने के बाद यातायात पुलिस ने कारों के पंजीयन नंबरों की पहचान कर उनके संचालकों को आज यातायात थाने बुलाया।

पुलिस ने संबंधित लोगों को भविष्य में इस तरह का कृत्य नहीं करने की समझाइश दी। इसके साथ ही प्रत्येक कार पर पांच-पांच हजार रुपये का चालान किया गया। इस प्रकार छह कारों पर कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित