भदोही , सितंबर 19 -- उत्तर प्रदेश के भदोही में 50वें स्वर्ण जयंती इंडिया कारपेट एक्सपो के आयोजन के मद्देनजर जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने शनिवार को हेलीपैड स्थल, कार्यक्रम स्थल, कारपेट एक्सपो मार्ट और कारपेट सिटी का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को एक्सपो मार्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग के अधिकारियों को विद्युत संबंधी कार्य निर्धारित समय में पूरा करने तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को हेलीपैड, संपर्क मार्ग और अन्य संबंधित स्थलों को व्यवस्थित एवं सुचारु कराने को कहा गया।

उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और आगंतुकों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए पार्किंग स्थलों को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने प्रवेश एवं निकास, सुरक्षा, मंच एवं कार्यक्रम स्थल, विद्युत, अग्निशमन, अतिथि सुविधाओं और पार्किंग समेत अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित