जगदलपुर , जुलाई 26 -- छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में कुम्हरावंड स्थित शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में कारगिल विजय दिवस श्रद्धा, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों और महाविद्यालय परिवार ने कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को नमन किया।

कार्यक्रम का आयोजन अधिष्ठाता डॉ. आरएस नेताम और कमान्डिंग अधिकारी कर्नल अरुण काण्डपाल के निर्देशन में किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने मोमबत्ती जलाकर एवं पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। एनसीसी कैडेट्स ने सलामी देकर देश के वीर जवानों के बलिदान को याद किया।

कार्यक्रम में वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध और 'ऑपरेशन विजय' में भारतीय सेना के साहस और शौर्य पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद एनसीसी और एनएसएस के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत विचार प्रस्तुत किए।

भाषण प्रतियोगिता में कु. आद्याशा पाती ने प्रथम, पारस प्रकाश ने द्वितीय और सुषमा पाण्डेय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. पीएस नेताम, डॉ. सुरेश साहू, डॉ. शंकरलाल वर्मा और डॉ. गुंजा ठाकुर शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित