द्रास , जुलाई 25 -- ऑपरेशन विजय के दौरान पाकिस्तानी घुसपैठियों को हराकर कारगिल की चोटियों पर तिरंगा फहराने और भारत की ऐतिहासिक जीत को 27 वर्ष पूरे हो चुके हैं।
इस मौके पर भारतीय सेना ने शहीदों के परिजनों को उस भूमि की मिट्टी भेंट की, जहां उनके प्रियजनों ने अपनी अंतिम लड़ाई लड़ी थी।द्रास स्थित कारगिल युद्ध स्मारक पर आयोजित समारोह में, द्रास, कारगिल और बटालिक सेक्टरों के युद्ध क्षेत्रों से एकत्र की गयी मिट्टी से भरे 40 कलश कारगिल शहीदों के परिवारों को सौंपे गये।
यह पहल उस अविस्मरणीय क्षण को संजोकर रखने के साथ-साथ उन पहाड़ों से जुड़ाव भी है, जहां भारत के वीर सपूतों ने देश की रक्षा में अपना खून बहाया था।
कई परिजनों ने कलश को अपने सीने से लगा लिया। जैसे ही उन्हें यह अहसास हुआ कि वे उस जमीन की मिट्टी घर ले जा रहे हैं, जहां उनके पिताओं, पतियों और बेटों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था, उनकी आंखें भर आयीं। इससे पहले नयी दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के हरी झंडी दिखाकर रवाना किये गये 30 सदस्यीय बाइक दल ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की पवित्र मिट्टी से भरा कलश द्रास स्थित कारगिल युद्ध स्मारक पहुंचाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित