नयी दिल्ली , जुलाई 26 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विजय दिवस पर रविवार को कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राष्ट्र की रक्षा के लिए कारगिल के वीरों का समर्पण सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।
श्री बिरला ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, "26 जुलाई 1999 भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और अदम्य साहस का स्वर्णिम अध्याय है। कारगिल की दुर्गम चोटियों पर अपने प्राणों की आहूति देकर भारत माता की आन, बान और शान की रक्षा करने वाले अमर वीरों को 'कारगिल विजय दिवस' पर कोटि-कोटि नमन।"उन्होंने कहा कि राष्ट्र की रक्षा के लिए कारगिल के वीरों का समर्पण सदैव राष्ट्र को प्रेरित करता रहेगा।
श्री बिरला ने अपने संदेश के अंत में लिखा "जय हिंद"।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित