मोतिहारी , अक्टूबर 22 -- बिहार में पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी (डीएम) सौरभ सुमन यादव ने बिहार सरकार के कायाकल्प अभियान के तहत सार्वजनिक परिसंपत्तियों की मरम्मत, जीर्णोद्धार और बुनियादी सुविधाओं के उन्नयन का कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिये हैं।जिलाधिकारी श्री सुमन ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्यों में लापरवाही, गुणवत्ता से समझौता और घटिया सामग्री के इस्तेमाल पर संबंधित अधिकारियों तथा संवेदकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कायाकल्प अभियान का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्थित सार्वजनिक परिसंपत्तियों को बेहतर बनाकर आम लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके तहत सामुदायिक भवनों, स्वास्थ्य केंद्रों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और पंचायत भवनों की मरम्मत, जीर्णोद्धार तथा आधारभूत संरचनाओं का उन्नयन किया जाना है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सरकार द्वारा निर्धारित समय-सीमा का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।उन्होंने प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित योजनाओं का नियमित भौतिक निरीक्षण करने तथा कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता पर निगरानी रखने को कहा।

बैठक में नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, कार्यपालक अभियंता और संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

जिलाधिकारी ने कहा कि बेहतर सार्वजनिक परिसंपत्तियां और नागरिक सुविधाएं जिले के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। प्रशासन का लक्ष्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूरा कराकर लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित