चंडीगढ़ , अक्टूबर 27 -- चंडीगढ़ प्रशासन के मुख्य सचिव हिरियाडका राजेश प्रसाद ने सरकारी कामकाज में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार केवल रिश्वत लेने तक सीमित नहीं है। यदि किसी अधिकारी की लापरवाही या अनावश्यक देरी के कारण नागरिकों को सरकारी सेवाओं और अपने अधिकारों का लाभ समय पर नहीं मिलता, तो यह भी भ्रष्टाचार का एक रूप है।

उन्होंने सेक्टर-9 स्थित चंडीगढ़ सचिवालय में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। यह सप्ताह 26 अक्टूबर से एक नवंबर 2026 तक मनाया जा रहा है। केंद्रीय सतर्कता आयोग की पहल का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को मजबूत करना है।

श्री राजेश प्रसाद ने कहा कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह को केवल शपथ लेने और बैनर लगाने की औपचारिकता नहीं बनाना चाहिए। इसका वास्तविक उद्देश्य अधिकारियों की सोच, व्यवहार और कार्यशैली में ईमानदारी लाना है। उन्होंने कहा कि सरकारी पद अधिकार के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है और प्रत्येक लोक सेवक को आत्ममंथन करना चाहिए कि उसके फैसलों और कामकाज से जनता को कितना लाभ मिल रहा है।

मुख्य सचिव ने अपने 31 वर्षों के प्रशासनिक अनुभव का उल्लेख करते हुए फाइलों को अनावश्यक रूप से एक अधिकारी से दूसरे अधिकारी के पास भेजने, निर्णय लेने में देरी और मामलों को लंबे समय तक लंबित रखने की प्रवृत्ति पर चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से सक्रिय, पारदर्शी तथा जन-केंद्रित कार्यशैली अपनाने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिया कि सभी निर्णय तथ्यों और योग्यता के आधार पर निष्पक्षता के साथ समयबद्ध तरीके से लिए जाएं। साथ ही कर्मचारियों को अपने कौशल में लगातार सुधार करने और नई चीजें सीखने के लिए प्रेरित किया, ताकि सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता और कार्यक्षमता बढ़ाई जा सके।

मुख्य सचिव ने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी समाधान करना और सरकारी सुविधाओं का लाभ समय पर पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से सत्यनिष्ठा की शपथ को अपने दैनिक कार्यों और निर्णयों में अपनाने की अपील की।

चंडीगढ़ प्रशासन ने नागरिकों से भी सतर्कता जागरूकता सप्ताह में भाग लेने तथा केंद्रीय सतर्कता आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर सत्यनिष्ठा की शपथ लेने का आग्रह किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित