राजसमंद , अक्टूबर 18 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने गांव-गांव तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और विकास कार्यों को निरंतर जारी रखने के लिए जनता की भागीदारी आवश्यक बताते हुए कहा है कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार आने के बाद बहुत काम हुआ है और आगे भी होगा।
श्रीमती दिया कुमारी रविवार को राजसमंद जिले में पंचायत चुनाव के मद्देनजर विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जनसभाओं को संबोधित कर रही थी। उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान की अपील की। कुंभलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लावा सरदारगढ़, राजसमंद विधानसभा क्षेत्र के केलवा और नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुंठवा में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद किया। इसके साथ ही जिला परिषद के वार्ड संख्या 14 के भाजपा प्रत्याशी नरहरि देव सिंह राठौड़ के समर्थन में आयोजित जनसभा में भी शिरकत की।
लावा सरदारगढ़ में जनसभा को संबोधित करते हुए श्रीमती दिया कुमारी ने जिला परिषद एवं पंचायत समिति के भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि गांव-गांव तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और विकास कार्यों को निरंतर जारी रखने के लिए जनता की भागीदारी आवश्यक है।
केलवा में उन्होंने क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर कहा कि जनता का स्नेह और समर्थन जनप्रतिनिधियों के लिए महत्वपूर्ण है तथा विकास, सुशासन और जनकल्याण की योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुंठवा में ग्रामीणों से संवाद करते हुए उपमुख्यमंत्री ने जिला परिषद के वार्ड संख्या सात से भाजपा प्रत्याशी मदन सिंह चौहान के पक्ष में मतदान करने का आग्रह करते हुए कहा, "काम बहुत हुआ है, आगे भी होगा। सभी को एक बार फिर भाजपा को पूरा समर्थन देना है।
उन्होंने मतदाताओं से मतदान के दिन घरों से निकलकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है और लोगों को अपने परिवार तथा आसपास के मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करना चाहिए, ताकि क्षेत्र में विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित