भोपाल , अक्टूबर 19 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के मुखर्जी नगर कोलार में महानवमी के अवसर पर सोमवार को विधायक रामेश्वर शर्मा ने स्ट्रीट लाइट और डिवाइडर सहित कान्हाकुंज मार्ग पर नवनिर्मित फोरलेन सीसी सड़क का लोकार्पण किया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिक्सलेन से कान्हाकुंज तक बना यह मार्ग क्षेत्र की करीब पांच लाख आबादी के आवागमन को सुगम बनाने में मदद करेगा।

बंजारी चौराहे से कान्हाकुंज की ओर जाने वाले इस मार्ग के आसपास मुखर्जी स्टेडियम, ई-लाइब्रेरी, श्री रामलीला मैदान, सब्जी मंडी और एक दर्जन से अधिक कॉलोनियां स्थित हैं। यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है। सड़क चौड़ी होने से यातायात का दबाव कम करने और आवागमन को सुविधाजनक बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

इस मार्ग के जरिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिक्सलेन को नेताजी सुभाषचंद्र बोस रिंग रोड से जोड़ने की योजना है। इससे नीलबड़, रातीबड़, सीहोर, देवास, उज्जैन और इंदौर की ओर जाने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग मिल सकेगा और अतिरिक्त दूरी तय करने से राहत मिलने की संभावना है।

इस अवसर पर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि सिक्सलेन और विभिन्न फोरलेन मार्गों के निर्माण से मुखर्जी नगर कोलार में विकास के नए रास्ते खुले हैं। उन्होंने कहा कि कभी अविकसित नगर के रूप में पहचाने जाने वाले कोलार ने अब भोपाल ही नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश के विकसित उपनगरों में अपनी पहचान बनाई है। नागरिकों के सहयोग और आशीर्वाद से कोलार सहित हुजूर विधानसभा क्षेत्र का विकास जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित