बेंगलुरु , अप्रैल 02 -- कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने गुरुवार को कहा कि कानून-व्यवस्था और राज्य के आर्थिक विकास के बीच सीधा संबंध हेे और आर्थिक प्रगति के लिए आंतरिक सुरक्षा बनाए रखना बेहद जरूरी है।

श्री सिद्दारमैया ने कोरमंगला परेड ग्राउंड में आयोजित पुलिस ध्वज दिवस समारोह में 'मुख्यमंत्री पदक' प्रदान करने के बाद कहा कि साइबर अपराध सहित कई श्रेणियों में राज्य में अपराध दर राष्ट्रीय औसत से अधिक दर्ज की गई है। उन्होंने ऐसे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका यह दृढ़ विश्वास है कि थाना प्रभारी की जानकारी के बिना थाने के अधिकार क्षेत्र में कोई भी आपराधिक गतिविधि नहीं हो सकती। उन्होंने पुलिस बल से आग्रह किया कि वे जमीनी स्तर पर अपराध रोकने के लिए सतर्क और सक्रिय रहें।

श्री सिद्दारमैया ने सजा दिलाने की दर को बनाए रखने में पुलिस विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों को सजा दिलाने में कर्नाटक अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। हालांकि, उन्होंने अपराध कम करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

मुख्यमंत्री ने पुलिस को साइबर अपराध जैसी उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए तकनीक का अधिक उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने रेखांकित किया कि जिम्मेदारी के भाव के ड्यूटी करने से समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने में मदद मिलती है।

मुख्यमंत्री ने यह भी दोहराया कि सरकार महिलाओं, बच्चों, कमजोर और वंचित वर्गों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने पुलिस बल से अपनी ड्यूटी करते समय इस बात को ध्यान में रखने को कहा।

श्री सिद्दारमैया ने इस बात पर विशेष रूप से जोर दिया कि कर्नाटक की आर्थिक वृद्धि और जीडीपी की प्रगति सीधे तौर पर राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग को मजबूत करने और सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखने से समग्र अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित