दरभंगा , अक्टूबर 01 -- ंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा की ओर से बुजुर्गों के सम्मान, अधिकारों एवं गरिमापूर्ण जीवन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को विभिन्न स्थानों पर विधिक जागरूकता एवं चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए।न्यायालय परिसर से जागरूकता रथ को रवाना करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार अजय कुमार शर्मा ने कहा कि कानून वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा एवं गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करने का प्रावधान करता है। संविधान भी उन्हें सुरक्षा एवं सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार देता है।उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की उपेक्षा एवं परित्याग से संरक्षण के लिए 'माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007' सहित अन्य कानूनी प्रावधान मौजूद हैं।उन्होंने कहा कि उपेक्षित वरिष्ठ नागरिकों को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सहायता अवश्य लेनी चाहिए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने बताया कि नालसा की 'वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक सेवा योजना, 2016' के तहत मोबाइल विधिक सहायता वाहन रवाना किया गया है। इसके माध्यम से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण, कानूनी सलाह तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन करने में सहायता दी जाएगी।उन्होंने युवाओं से बुजुर्गों का सम्मान करने तथा उनके अनुभवों से सीख लेने का आह्वान किया। अभियान के तहत आदर्श मध्य विद्यालय लहेरियासराय, बहादुरपुर, मझिगामा, मब्बी एवं मझौलिया सहित विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित किए गए।
शिविरों में पैनल अधिवक्ता संजीव कुमार एवं ममता, चिकित्सक डॉ. प्रभाष कुमार, डॉ. कीर्ति रंजन, डॉ. राजेश कुमार एवं डॉ. अटल बिहारी मसुराज तथा पीएलवी निशा भारती, पंकज कुमार ने सहयोग किया।
इधर, मंडल कारा दरभंगा में लीगल ऐड डिफेंस के सदस्य पिंकु कुमार यादव एवं अंकुर प्रिया ने काराधीन बंदियों को विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित