बिहारशरीफ , मई 30 -- बिहार के सूचना एवं जन-सम्पर्क, ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री सह जनता दल यूनाइटेड (जदयू) विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने महागठबंधन के कथित हरा गमछा एनकाउंटर विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अपराधी चाहे हरा गमछा पहने या किसी भी रंग का कपड़ा, वह कानून तोड़ेगा और पुलिस पर हमला करेगा तो उसके खिलाफ कार्यवाही होगी। मंत्री श्री कुमार ने बिहारशरीफ के प्रखंड कार्यालय में आपदा पीड़ित परिवारों के बीच आर्थिक सहायता चेक वितरण कार्यक्रम में कहा कि कानून अपने हाथ में लेने, हत्या करने एवं पुलिस पर हमला करने वालों पर माननीय पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में भी कार्यवाही होती थी और आगे भी जारी रहेगी।

श्री कुमार ने कहा कि ऐसे अपराधियों पर कार्रवाई होने से यदि किसी को परेशानी होती है तो इससे सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित