कानपुर , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर के किदवई नगर क्षेत्र में पुलिस ने होटल ओशियन ग्रैंड में छापेमारी कर जुआ खेलते हुए 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से लगभग 5.5 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
अपर पुलिस उपायुक्त (ऑपरेशन्स) सुमित सुधाकर रामटेके के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने होटल परिसर में संचालित अवैध जुआ अड्डे का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों में शामिल संदीप साहू के विरुद्ध पूर्व से भी जुआ अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
प्रारंभिक जांच में होटल के रजिस्टर से पिछले करीब डेढ़ माह से संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने के संकेत मिले हैं। पुलिस ने होटल का सीसीटीवी डीवीआर कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, ताकि वहां आने-जाने वाले लोगों तथा गतिविधियों की पड़ताल की जा सके। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का सत्यापन कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित