कानपुर , जनवरी 23 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर के कलक्टरगंज क्षेत्र में पुलिस ने अवैध सट्टेबाजी और हवाला कारोबारियों के गिरोह का पर्दाफाश करते हुये दो करोड़ से अधिक की नगदी और 61 किलो चांदी बरामद की है। पुलिस ने मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। स्पेशल आपरेशन ग्रुप के अपर पुलिस उपायुक्त सुमित सुधाकर रामटेके ने शुक्रवार को बताया कि नगर में पिछले कुछ दिनों से अवैध धन संग्रह की लगातार सूचनायें मिल रही थीं। इसके आधार पर पुलिस दल को गुरुवार देर रात बड़ी सफलता मिली जब धनकुट्टी की तंग गलियों में हवाला और अवैध सट्टेबाजों के गिरोह का भंडाफोड़ किया गया।

उन्होने बताया कि कार्रवाई के दौरान लगभग दो करोड़ रुपये नकद तथा 61 किलोग्राम चांदी, जिसकी कीमत भी लगभग दो करोड़ रुपये है, बरामद की गई है। इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कुछ नेपाली मुद्रा भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। प्रकरण में पूछताछ एवं विधिक कार्रवाई जारी है और आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

श्री रामटेके ने बताया कि इस मामले में धनकुट्टी निवासी रमाकांत गुप्ता के घर छापा मारा गया जहां दो करोड़ 26 लाख रुपये की नगदी,61.86 किलो चांदी, पेन ड्राइव,कम्प्यूटर लैप टॉप,मॉडम और अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण बरामद किये गये हैं। उन्होने बताया कि रमाकांत गुप्ता के अलावा किदवई नगर निवासी राहुल जैन,शिवम त्रिपाठी,यशोदा नगर निवासी सचिन गुप्ता और वंशराज को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनसे पूछताछ के आधार पर हवाला कारोबार में लिप्त अन्य लोगों की तलाश की जायेगी।

जांच में पता चला है कि गिरोह के सदस्य क्रिकेट में सट्टा खिलाने,अवैध रुप से शेयर मार्केट में निवेश और हवाला काराेबार के जरिये अवैध संपत्ति का लेनदेन करते थे। आरोपियों ने बताया कि रुपये अधिक होने पर सोने चांदी में निवेश के लिये प्रोत्साहित किया जाता था। रुपये की जरुरत होने पर प्राप्त चांदी को बेच दिया जाता था।

इस बारे में पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि पुलिस हवाला कारोबार के नेटवर्क को तलाशने में पिछले कुछ समय से सक्रिय थी। यह सफलता प्रयास की उसी कड़ी का परिणाम है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी जांच के दायरे में लाया जायेगा। इस बारे में जरुरत पड़ने पर संबंधित थाने और पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित