कानपुर , अप्रैल 8 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के रेउना थाना क्षेत्र में पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 16 स्मार्ट मोबाइल फोन, चार कीपैड फोन, 12 फर्जी आधार कार्ड, एक एटीएम कार्ड तथा 4,480 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बुधवार को यहां एक प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) व अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) के निर्देशन में डीसीपी दक्षिण और एसीपी घाटमपुर के नेतृत्व में रेउना थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच व साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर लाले बाबा मंदिर के पास बाग में छापा मारकर आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया, जबकि कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गिरोह बनाकर फर्जी सिम और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करते थे। ये लोग प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर लोगों को कॉल कर पंजीकरण शुल्क के नाम पर पैसे ठगते थे। इसके अलावा खुद को पुलिस अधिकारी बताकर अश्लील वीडियो देखने का डर दिखाकर भी लोगों से रकम वसूलते थे।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
श्री लाल ने बताया कि एनसीआरपी पोर्टल व प्रतिबिंब के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर क्षेत्र के कुछ गांवों को रेड/हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया, जहाँ से देश के विभिन्न राज्यों कर्नाटक, झारखंड, बिहार, उड़ीसा, दिल्ली, हरियाणा व अन्य जिलों में साइबर फ्रॉड कॉल्स की जा रही थीं। कुल लगभग 15-16 शिकायतें विभिन्न राज्यों से प्राप्त हुईं, जिनमें मोबाइल नंबर व डिवाइस डिटेल के आधार पर लोकेशन ट्रेस हुई।
उन्होने बताया कि प्राप्त इनपुट के आधार पर डीसीपी, एडीसीपी व एसीपी स्तर पर योजना बनाकर कार्रवाई की गई। सीधे रेड करने पर अभियुक्तों के फरार होने की संभावना को देखते हुए टीम द्वारा सर्विलांस व ड्रोन निगरानी के माध्यम से क्षेत्र को घेरकर ऑपरेशन संचालित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित