कानपुर , अप्रैल 16 -- कानपुर जिले में संचालित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के अंतर्गत वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की गईं। इसी क्रम में विकासखंड बिल्हौर के ग्राम बेदीपुर में व्यापक जनजागरूकता एवं निरीक्षण अभियान चलाया गया। जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह एवं डॉ. शिवकांत (रीजनल कोऑर्डिनेटर, पाथ) के नेतृत्व में आयोजित अभियान के दौरान ग्रामीणों को संचारी एवं वेक्टर जनित रोगों के प्रति जागरूक किया गया। टीम ने घर-घर जाकर साफ-सफाई, जलभराव रोकने तथा मच्छरों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।

अभियान के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिल्हौर का निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. धर्मेन्द्र राजपूत के साथ लैब में डेंगू एवं मलेरिया जांच व्यवस्था तथा डेंगू वार्ड का जायजा लिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ओपीडी में आने वाले सभी बुखार रोगियों की अनिवार्य रूप से मलेरिया जांच कराई जाए तथा गर्भवती महिलाओं की जांच भी सुनिश्चित की जाए। पॉजिटिव मामलों में भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार तत्काल उपचार एवं 14 दिन का कोर्स पूर्ण कराया जाए।

टीम ने ब्लॉक बिल्हौर के लैब तकनीशियन मन्जेश पटेल की प्रयोगशाला का भी निरीक्षण कर जांच कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। ग्राम बेदीपुर में अभियान के तहत 50 घरों का सर्वे किया गया, जिसमें कोई भी घर मलेरिया अथवा डेंगू से प्रभावित नहीं पाया गया। साथ ही 172 जल-पात्रों की जांच में लार्वा नहीं मिला। आशा कार्यकर्ताओं द्वारा ग्रामीणों में पंपलेट वितरित किए गए तथा घरों पर स्टीकर लगाए गए।

निरीक्षण के दौरान गांव में साफ-सफाई, नालियों की सफाई एवं झाड़ियों की कटाई का कार्य पंचायती राज माइक्रोप्लान के अनुसार होता पाया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जहां भी गंदगी या झाड़ियां हों, वहां तत्काल सफाई कराई जाए। अभियान के अंतर्गत पशुपालन विभाग ने पशुपालकों को जागरूक किया तथा पशु बाड़ों को आबादी से दूर रखने की सलाह दी। वहीं कृषि रक्षा विभाग ने स्क्रब टाइफस जैसी बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक किया।

ग्रामीण क्षेत्रों में सोर्स रिडक्शन, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, इंडोर स्पेस स्प्रे, नालियों में लार्वीसाइडल स्प्रे तथा एंटोमोलॉजिकल सर्वेक्षण जैसे कार्य भी कराए गए। जनसुविधा के लिए संचारी रोगों से संबंधित सूचना एवं सहायता हेतु यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम तथा नगर निगम कंट्रोल रूम की हेल्पलाइन सेवाएं संचालित हैं। सूचना प्राप्त होने पर संबंधित क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित