कानपुर , मार्च 02 -- उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर के पनकी थाना क्षेत्र में नाले से बरामद महिला के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए सोमवार को उसके पति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार पिछली 28 फरवरी को पनकी क्षेत्र के एक नाले में अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान आकृति उर्फ रूबी (30) के रूप में हुई, जो पनकी मंदिर के पास दुकान चलाती थीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वर्ष 2022 में उनकी लव मैरिज हुई थी और पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
पूछताछ में आरोपी पति ने स्वीकार किया कि 26 फरवरी की रात विवाद के दौरान आवेश में आकर उसने पत्नी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद उसने शव को घर में छिपाकर रखा और 27 फरवरी की रात कंबल में लपेटकर नाले में फेंक दिया।
पुलिस को मामले में सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य अहम साक्ष्य भी प्राप्त हुए हैं। आरोपी पति को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित