कानपुर , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से स्थापित किए जा रहे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने गुरुवार को निर्माणाधीन परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की तथा निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद, निर्माण खंड कानपुर-01 के अधिशासी अभियंता फराज़ असलम ने बताया कि 706.75 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना का निर्माण कार्य पिछली 21 मई से शुरू हुआ है, जिसे 20 मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना के लिए प्रथम किश्त के रूप में 353.37 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से अब तक 86.38 लाख रुपये खर्च हुए हैं। वर्तमान में परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग पांच प्रतिशत है तथा फाउंडेशन एवं पेडेस्टल कास्टिंग का कार्य चल रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जी प्लस टू प्री-इंजीनियर्ड भवन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसमें आधुनिक प्रयोगशालाएं, तकनीकी वर्कशॉप, डिजिटल प्रशिक्षण कक्ष, वीसैट स्टूडियो, कौशल विकास के लिए समर्पित लैब तथा अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुख तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध होगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश के अग्रणी तकनीकी शिक्षण संस्थानों में शामिल राजकीय पॉलिटेक्निक को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना से नई पहचान मिलेगी। आधुनिक प्रयोगशालाओं और उद्योग आधारित प्रशिक्षण सुविधाओं के माध्यम से विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता और रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित