कानपुर , अगस्त 27 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर के नवाबगंज क्षेत्र में गुरुवार को एक निजी एवियेशन कंपनी का एयरक्राफ्ट प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में उसमें सवार इंस्ट्रक्टर और प्रशिक्षण ले रहे युवक की मौत हो गयी।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि चकेरी क्षेत्र स्थित एक निजी प्रशिक्षण केंद्र से एयरक्राफ्ट ने उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान विमान कानपुर शहर के ऊपर से गुजरते हुए गंगा बैराज की ओर पहुंचा। इसी दौरान नत्थापुरवा गांव के पास एक अमरूद के बाग में विमान अचानक गुलाटी खाते हुए नीचे आ गिरा और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।

इस हादसेमें विमान के इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और प्रशिक्षण ले रहे अभिषेक पुजारी की मौके पर ही मौत हो गयी। सचिन भाटिया गुजरात के निवासी थे जबकि अभिषेक पुजारी कर्नाटक के रहने वाले हैं। उन्होने बताया कि डीजीसीए को हादसे की जानकारी दे दी गयी है जो मौके पर पहुंचने के बाद हादसे के तकनीकी पहलुओं की जांच करेगी। प्रशिक्षण विमान 2023 से नियमित उड़ान पर था। इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया को 3000 घंटे का अनुभव था। पुलिस ने हादसे के क्षेत्र को सुरक्षा के लिहाज से सील कर दिया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित