कानपुर , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश की कानपुर पुलिस ने बर्रा थाना क्षेत्र में बंद घरों में हुई दो चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए गुरुवार को तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने यहां पत्रकारों को बताया कि बर्रा क्षेत्र में पिछले दिनो एक के बाद एक दो बड़ी चोरी की वारदात से पुलिस सक्रिय हो गयी थी और इन घटनाओं के संबंध में बर्रा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के सफल अनावरण के लिए एडीसीपी दक्षिण के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर मामले का सफल खुलासा किया।

गुरुवार को पुलिस ने शातिर चोर विक्रम, अंकित और राज कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त विक्रम के खिलाफ पहले से 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अंकित और राज कश्यप के खिलाफ तीन-तीन मुकदमे पंजीकृत हैं। ये सभी क्षेत्र में घूम-घूमकर बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

श्री चौधरी ने बताया कि अभियुक्त विक्रम के खिलाफ आगे गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। घटना का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित