कानपुर नगर , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर के चौबेपुर थाना क्षेत्र में दहेज के लिए पत्नी की हत्या करने के आरोप में नामजद अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों, वांछित अभियुक्तों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त (पश्चिम), अपर पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) तथा सहायक पुलिस आयुक्त बिल्हौर के पर्यवेक्षण में चौबेपुर थाना पुलिस ने सघन चेकिंग और फुट पेट्रोलिंग के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोहित तिवारी (32) , निवासी राजारामपुर, थाना चौबेपुर, कानपुर नगर के रूप में हुई है। उसे फत्तेपुर चौराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध चौबेपुर थाने में मुकदमा संख्या 234/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85, 80(2), 351(3) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के अंतर्गत मामला दर्ज है।
पुलिस ने बताया कि आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश मिश्र, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक रोशनलाल नागर, उपनिरीक्षक रोहित त्रिपाठी तथा आरक्षी अजय कुमार शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित