कानपुर , अप्रैल 19 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर के नौबस्ता क्षेत्र में एक व्यक्ति ने रविवार तड़के अपनी जुड़वां बेटियों की गला रेत कर हत्या कर दी। पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि किदवईनगर के ब्लाक में स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट फेज-2 में आज सुबह शशि रंजन मिश्रा ने अपनी जुड़वां बेटियों रिद्धि (11) और सिद्धि (11) की गला रेत कर हत्या कर दी। हत्या के बाद खुद पिता ने वारदात की सूचना फोन कर पुलिस को दी।
उन्होने बताया कि प्रातः लगभग 04:30 बजे यूपी-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि थाना नौबस्ता क्षेत्रान्तर्गत त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में एक पिता द्वारा अपनी दो नाबालिग जुड़वा पुत्रियों उम्र करीब (11 वर्ष) की गला काटकर हत्या कर दी गई है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। फॉरेंसिक टीम द्वारा भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण एवं साक्ष्य संकलन किया गया है।
दोनों बालिकाओं के शव घर के अंदर पाए गए हैं, जिनके गले पर कटे हुए घाव के निशान हैं। घटना के संबंध में अभियुक्त, जो कि मृतक बालिकाओं का पिता है, को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
मृतक पांचवीं कक्षा की छात्रा थीं जबकि हत्यारोपी पिता दवा कारोबारी है। परिवार पिछले करीब आठ साल से अपार्टमेंट में किराए पर रह रहा था। मौके से एक स्टील का चपड़ बरामद हुआ है, जिसे हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित