कानपुर , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर के गुजैनी क्षेत्र में पुलिस ने फरवरी में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि पिछली पांच फरवरी को बर्रा आठ निवासी सतीश पाण्डेय की तहरीर पर उनके घर में चोरी के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। चोरों ने उनके घर में सेधमारी कर लाखों के आभूषण और पांच लाख रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। इस मामले के खुलासे के लिए पुलिस की दो टीमें गठित कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बीती देर रात प्रकाश गौतम उर्फ पोली, ईशू गौतम उर्फ रोनी, अभिषेक उर्फ सोनू गौतम तथा अजय राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चांदी के आभूषण, घड़ियां, पायल, सिक्के, अंगूठी, राखी, 81 यूएस डॉलर व 15 यूएई दिरहम के अलावा 20,420 रुपये नकद, एक बाइक (ह्यूसंग जीटी 250 आर) तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने इनके एक साथी की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित