कानपुर , मार्च 13 -- असम के गुवाहाटी में आयोजित "पीएम किसान उत्सव दिवस" के अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किश्त जारी किए जाने के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कानपुर नगर में विभिन्न स्तरों पर कराया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय स्थित लाल बहादुर शास्त्री सभागार में किया गया। वहीं विकास खंड स्तर पर सभी ब्लॉकों के सभागारों तथा ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत भवनों में शाम पांच बजे से छह बजे तक प्रसारण कराया गया, जिसमें किसानों की व्यापक भागीदारी रही।

इस अवसर पर कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों और नई खेती पद्धतियों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में डॉ. रामजी गुप्ता, डॉ. महक सिंह, डॉ. कौशल किशोर, डॉ. वी.के. त्रिपाठी, डॉ. हिमांशु त्रिवेदी और डॉ. जितेंद्र ओझा सहित कई वैज्ञानिक उपस्थित रहे।

विकास खंड स्तर पर भी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में कार्यक्रम का प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक डॉ. आर.एस. वर्मा सहित कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में लगभग 260 प्रगतिशील किसानों ने भाग लेकर योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित