कानपुर , जून 23 -- कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने मंगलवार को व्यापक अभियान चलाते हुए विभिन्न कोचिंग संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों सहित कुल 32 प्रतिष्ठानों को सील कर दिया।
केडीए की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक के निर्देश पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सीलिंग अभियान चलाया गया। कार्रवाई का नेतृत्व सचिव अजय कुमार पाण्डेय ने किया। अभियान के दौरान प्राधिकरण की टीम ने नियमों के उल्लंघन के मामलों में संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई की। इस दौरान विशेष कार्याधिकारी बृजेन्द्र उपाध्याय, रतन शुक्ला, रवि प्रताप सिंह, सहायक अभियंता अतुल कुमार राय, संदीप मोदनवाल, सीबी पाण्डेय तथा अवर अभियंता अमर नाथ यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सील किए गए प्रमुख संस्थानों में एलएन कोचिंग, विद्यापीठ, फिजिक्स वाला, एलन कोचिंग, संजीव राठौर, महिन्द्रा कोचिंग, वर्क स्पेस कोचिंग, अंकित सर इंस्टीट्यूट, बी-1 इंस्टीट्यूट, अचीवर्स इंस्टीट्यूट, अड्डा-247, अर्थ एंड स्टार्ट कोचिंग, पुष्पांजलि, क्रक्स एकेडमिक एवं ग्लोबल एज वेल्ड कोचिंग शामिल हैं।
केडीए अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत अन्य अवैध अथवा नियमविरुद्ध निर्माण कार्यों को भी चिन्हित किया जा रहा है तथा उनके विरुद्ध सीलिंग एवं प्रवर्तन की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित