कानपुर , अक्टूबर 23 -- कानपुर में फजलगंज थाना पुलिस और स्वाट टीम सेंट्रल जोन ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को 101 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है।
पुलिस ने बताया कि फजलगंज पुलिस और स्वाट टीम शुक्रवार तड़के क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही थीं। इसी दौरान गोविंद नगर पुल के नीचे रेलवे लाइन के किनारे कंटेनर यार्ड की ओर जाने वाले रास्ते पर एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। उसके पास से 101 ग्राम मेफेड्रोन और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नजमुद्दीन उर्फ शान (20) पुत्र नसीमुद्दीन, निवासी मकान नंबर 96/17, लकड़मंडी, थाना कर्नलगंज, कानपुर नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 23 अक्टूबर को सुबह 4:22 बजे गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि मादक पदार्थ दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों से कम कीमत पर लाकर कानपुर में छोटी-छोटी पुड़ियों में बेचा जा रहा था। लगभग एक ग्राम की पुड़िया बनाकर इसकी आपूर्ति किए जाने की जानकारी मिली है।
पुलिस अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है। इसके लिए मुखबिरों, तकनीकी माध्यमों और साइबर टीम की मदद से जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ कर्नलगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में वर्ष 2025 और 2026 में दो मामले दर्ज हैं। इसके अलावा फजलगंज थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/22 के तहत वर्ष 2026 में एक मामला दर्ज है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित