कानपुर , मार्च 09 -- आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में फिसड्डी कानपुर में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने सोमवार को अधिकारियों के पेंच कसे। नगर निगम सभागार में आईजीआरएस के तहत प्राप्त शिकायतों और संदर्भों की समीक्षा बैठक में उन्होने निश्चित समय सीमा में सभी शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिये।
बैठक में गत माह की प्रगति की तुलना वर्तमान माह के डाटा से करते हुए आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों और संदर्भों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने विभागों में लंबित मामलों का निस्तारण हर हाल में निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर कोई संदर्भ डिफॉल्टर श्रेणी में पाया गया तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति कर प्रकरण शासन को भेजा जाएगा।
उन्होने यह भी निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में आख्या की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। साथ ही निस्तारण के समर्थन में मौके के निरीक्षण के फोटो और शिकायतकर्ता से संवाद के प्रमाण अनिवार्य रूप से आईजीआरएस पोर्टल पर अपलोड किए जाएं, ताकि प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे।
बैठक के दौरान कुछ ऐसे मामलों को भी चिन्हित किया गया, जिनमें शिकायतकर्ताओं की ओर से असंतुष्ट फीडबैक मिला था। इन मामलों में भ्रामक या अधूरी आख्या लगाने पर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न होने के सख्त निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित