कानपुर , अगस्त 15 -- उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में स्वतंत्रता दिवस और आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनजर चलाए जा रहे अभियान के तहत छावनी थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने अवैध शस्त्र तस्करी के एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चार अवैध पिस्टल और चार मैगजीन बरामद की हैं।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि छावनी थाना पुलिस और एसटीएफ कानपुर नगर को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से अवैध असलहों की खेप लेकर कानपुर आ रहा है और चेतन ग्राउंड क्षेत्र में उसकी आपूर्ति की जानी है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने वार्मर बाग कॉलोनी के पीछे चेतन ग्राउंड के पास घेराबंदी कर संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 0.32 बोर की चार पिस्टल और चार मैगजीन बरामद की गईं।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम ललित चौहान निवासी नगला मान सिंह, थाना पटियाली, जनपद कासगंज बताया। उसने स्वीकार किया कि वह मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के गुरमीत सरदार नामक व्यक्ति से अवैध पिस्टल खरीदकर कानपुर लाया था। उसने बताया कि मध्य प्रदेश में एक पिस्टल 14 से 15 हजार रुपये में मिल जाती है, जिसे कानपुर में 20 से 25 हजार रुपये तक में बेचा जाता है। वह चेतन ग्राउंड क्षेत्र में एक व्यक्ति को इन हथियारों की आपूर्ति करने वाला था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छावनी थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा शस्त्र तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित