कानपुर , मई 28 -- उत्तर प्रदेश मेंं कानपुर की घाटमपुर तहसील क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और अवैध परिवहन के खिलाफ संयुक्त प्रवर्तन अभियान के दौरान 106 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 6.47 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व, पुलिस, परिवहन और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने थाना सजेती क्षेत्र के आनूपुर-बरिपाल मोड़ तथा घाटमपुर-हमीरपुर हाईवे पर विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया। अभियान के दौरान पुलिस विभाग ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत 98 वाहनों का चालान किया। वहीं एआरटीओ और खनन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में आठ वाहनों को सीज करते हुए कुल 6 लाख 47 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार कुल 106 वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई की गई।

उपजिलाधिकारी घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन, ओवरलोडिंग तथा अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा अभियान का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाना भी है। नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।

एसडीएम ने वाहन चालकों से वैध अभिलेखों के साथ सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से वाहन संचालन करने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित