कानपुर नगर , जून 21 -- अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग की शिकायतों के मद्देनजर जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर कानपुर नगर में विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत खनन विभाग, निदेशालय की टीम तथा संबंधित थानों की पुलिस ने 20 जून को बालू, मोरंग और गिट्टी से लदे वाहनों की औचक जांच की।
खनन अधिकारी पारसनाथ यादव के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान लगभग 290 वाहनों की जांच की गई। जांच में 15 वाहन ओवरलोड अथवा बिना वैध परिवहन प्रपत्र के संचालित पाए गए। अनियमितता मिलने पर सभी वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई।
खनिज विभाग के अनुसार कार्रवाई के फलस्वरूप शास्ति, रॉयल्टी एवं अन्य मदों में लगभग साढ़े सात लाख रुपये की धनराशि आरोपित की गई है। विभाग का कहना है कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने जनपद स्तरीय टास्क फोर्स के सभी सदस्यों को अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध सतत प्रवर्तन कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि खनन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित