कानपुर , अगस्त 18 -- गंगा नदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में हो रही वर्षा के बीच कानपुर बैराज पर जलप्रवाह में वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि नदी का जलस्तर अभी भी चेतावनी स्तर से नीचे बना हुआ है।
बाढ़ नियंत्रण कार्यालय कानपुर द्वारा मंगलवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के अनुसार कानपुर बैराज का अपस्ट्रीम जलस्तर 113.610 मीटर तथा डाउनस्ट्रीम जलस्तर 113.460 मीटर दर्ज किया गया। बैराज से 2,95,637 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। यहां चेतावनी स्तर 114.000 मीटर और खतरे का स्तर 115.000 मीटर निर्धारित है। खतरे के स्तर पर जलप्रवाह 5,44,373 क्यूसेक माना जाता है।
शुक्लागंज गेज पर गंगा नदी का जलस्तर 112.220 मीटर दर्ज किया गया, जो 113.000 मीटर के चेतावनी स्तर और 114.000 मीटर के खतरे के स्तर से नीचे है। ऊपरी क्षेत्रों के बैराजों से भी पर्याप्त मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। हरिद्वार बैराज से 1,10,194 क्यूसेक तथा नरौरा बैराज से 1,15,137 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया।
बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों के अनुसार गंगा नदी के जलस्तर और प्रवाह पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। फिलहाल कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में स्थिति सामान्य है, हालांकि नदी के बढ़ते प्रवाह को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित