कानपुर , अगस्त 28 -- लगातार हो रही बारिश के बीच कानपुर में उफनाई गंगा नदी चेतावनी बिंदु को पार कर गयी है। बाढ़ नियंत्रण कार्यालय के अनुसार शुक्रवार सुबह कानपुर बैराज के अपस्ट्रीम में जलस्तर 114.320 मीटर और डाउनस्ट्रीम में 114.110 मीटर दर्ज किया गया। बैराज से नदी में 3,72,630 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था।

कानपुर बैराज का चेतावनी स्तर 114.000 मीटर और खतरे का स्तर 115.000 मीटर निर्धारित है। खतरे के स्तर पर बैराज का डिस्चार्ज 5,44,373 क्यूसेक माना जाता है। मौजूदा जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर दर्ज किया गया है, जिसके चलते नदी के आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने की आवश्यकता है।

शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 112.840 मीटर दर्ज किया गया। यहां चेतावनी स्तर 113 मीटर और खतरे का स्तर 114 मीटर है। इस लिहाज से शुक्लागंज में जलस्तर फिलहाल चेतावनी स्तर से नीचे है।

बाढ़ नियंत्रण कार्यालय के अनुसार, हरिद्वार बैराज से 71,202 क्यूसेक और नरौरा बैराज से 96,219 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित