कानपुर , अक्टूबर 15 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी चुनावी चुनौतियों के मद्देनजर कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की सभी 52 विधानसभा सीटों पर बूथ स्तर के संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसके तहत गुरुवार को पार्टी के क्षेत्रीय मुख्यालय में आयोजित बैठक में विस्तारकों को जिम्मेदारी सौंपकर संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश भाजपा के महामंत्री एवं कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रभारी शंकर लाल लोधी ने विस्तारकों से आवंटित विधानसभा क्षेत्रों में पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में समर्पित भाव से काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विस्तारक अपने क्षेत्र में प्रवास कर बूथ स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी बनाए और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर संगठन को मजबूत करे।

लोधी ने कहा कि चुनाव में पार्टी कार्यकर्ता योद्धा की भूमिका निभाते हैं। विस्तारकों की जिम्मेदारी है कि वे बूथों पर प्रवास कर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यक्रमों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएं। इसके साथ ही लोगों से निरंतर संवाद स्थापित करें और बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाएं।

उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ ही सशक्त संगठन का आधार है। इसलिए सभी विस्तारक अपने आवंटित विधानसभा क्षेत्रों में पूरी निष्ठा, अनुशासन और निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप काम करते हुए बूथों को मजबूत बनाने में जुट जाएं।

बैठक के बाद कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की सभी 52 विधानसभा सीटों के लिए विस्तारकों को रवाना किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने 'भारत माता की जय' के उद्घोष के साथ अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों के लिए प्रस्थान किया। पार्टी का उद्देश्य विस्तारकों के माध्यम से बूथ स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना और आगामी चुनावों के लिए संगठनात्मक आधार मजबूत करना है।

बैठक का संचालन विस्तारक योजना के प्रभारी एवं क्षेत्रीय महामंत्री शिव सिंह भारती ने किया। यह जानकारी क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित