कानपुर नगर , अगस्त 15 -- 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के विभिन्न कार्यालयों, जोनल कार्यालयों एवं थानों में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा, राष्ट्रीय एकता तथा जनसेवा की शपथ दिलाई गई।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने शिविर कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सलामी दी। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा तथा अपने दायित्वों का निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करने की शपथ दिलाई।
यातायात पुलिस लाइन में पुलिस उपायुक्त (यातायात) रवींद्र कुमार ने ध्वजारोहण किया तथा उपस्थित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा एवं तम्बाकू मुक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरण किया गया। समारोह में अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) कपिल देव सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) मनोज कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह तथा टीआई लाइन रविन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) दीपेंद्र नाथ चौधरी ने दक्षिण कार्यालय में ध्वजारोहण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, संविधान के प्रति निष्ठा और राष्ट्रसेवा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है तथा पुलिसकर्मियों का दायित्व है कि वे आमजन को पारदर्शी, संवेदनशील और प्रभावी पुलिस सेवा प्रदान करें। कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरित किया गया।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एस.एम. कासिम आबिदी ने थाना कल्याणपुर परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी तथा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा तथा जनसेवा के प्रति सदैव समर्पित रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर अपर पुलिस उपायुक्त (पश्चिम), सहायक पुलिस आयुक्त कल्याणपुर एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) अतुल कुमार श्रीवास्तव ने सेंट्रल जोन कार्यालय में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को राष्ट्रसेवा, अनुशासन, कर्तव्यपरायणता एवं जनसेवा का संकल्प दिलाया गया। साथ ही कानपुर नगर को तम्बाकू मुक्त बनाने के अभियान के अंतर्गत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वयं तम्बाकू का सेवन न करने तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के समापन पर मिष्ठान वितरण किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और जनसेवा की भावना प्रमुख रूप से दिखाई दी तथा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प दोहराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित