नई दिल्ली/कानपुर , जून 28 -- नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कानपुर (चकेरी) हवाई अड्डे पर 26 जून को हुई एक विमानन दुर्घटना के संबंध में बयान जारी किया है। हादसे में गर्ग एविएशन फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन (एफटीओ) के प्रशिक्षु पायलट को चल रहे प्रोपेलर से चोट लग गई थी।

डीजीसीए के अनुसार, 26 जून की रात गर्ग एविएशन का ट्विन इंजन टेक्नम पी2006टी विमान कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट पर रात्रिकालीन प्रशिक्षण उड़ान में संलग्न था। विमान में एक फ्लाइट इंस्ट्रक्टर और एक कैडेट (प्रशिक्षु पायलट) सवार थे।

लैंडिंग के बाद प्रशिक्षु पायलट विमान का इंजन बंद होने से पहले ही विमान से उतर गई। इसी दौरान वह विमान के चल रहे प्रोपेलर की चपेट में आ गई, जिससे उसकी पीठ में गंभीर चोटें आईं। घायल कैडेट को उपचार के लिए कानपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

डीजीसीए ने घटना के बाद संबंधित फ्लाइट इंस्ट्रक्टर को जांच पूरी होने तक उड़ान प्रशिक्षण संबंधी सभी जिम्मेदारियों से तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। साथ ही, दुर्घटना में शामिल विमान वीटी-एनबीवी के उपयोग पर भी जांच पूरी होने तक रोक लगा दी गई है।

डीजीसीए ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित