चंडीगढ़ , जुलाई 16 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कादियां में कांग्रेस पार्षदों के साथ हुई कथित घटना को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन की मिलीभगत से लोकतांत्रिक तरीके से चुने गये कांग्रेस पार्षदों का 'अपहरण' किया गया है।
वीडियो संदेश जारी करते हुए राजा वड़िंग ने गुरुवार को कहा कि अब तक केवल धक्केशाही देखने को मिलती थी, लेकिन कादियां में जो हुआ वह लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सरकार नहीं, बल्कि 'माफिया राज' चल रहा है। राजा वड़िंग ने पुलिस और प्रशासन के उन अधिकारियों को भी चेतावनी दी, जिन पर उन्होंने आम आदमी पार्टी के साथ मिलकर साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने घोषणा की कि जिन अधिकारियों पर कांग्रेस पार्षदों के कथित अपहरण की साजिश में शामिल होने का आरोप है, उनके पोस्टर कांग्रेस भवन में लगाये जाएंगे, ताकि उन्हें उनके कार्यों की याद दिलाई जा सके और भविष्य में कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की 'उलटी गिनती' शुरू हो चुकी है और अब उसके पास सत्ता में बहुत कम समय बचा है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी चेतावनी देते हुए कहा कि सत्ता स्थायी नहीं होती और समय आने पर हर फैसले का हिसाब लिया जाएगा।
राजा वड़िंग ने कहा कि यदि कांग्रेस नगर निकाय चुनावों में कथित सरकारी दबाव के बावजूद जीत दर्ज कर सकती है, तो विधानसभा चुनावों में भी जनता आम आदमी पार्टी को जवाब देगी। उन्होंने कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा की भी सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सत्तारूढ़ दल की कथित धक्केशाही का मजबूती से सामना किया है।
राजा वड़िंग ने कहा कि पार्टी का पूरा नेतृत्व और कार्यकर्ता बाजवा के साथ मजबूती से खड़े हैं और लोकतंत्र की रक्षा के लिए यह लड़ाई अंत तक जारी रखेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित