हल्द्वानी , अक्टूबर 25 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को निर्माणाधीन काठगोदाम-अमृतपुर बायपास का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यटन सीजन और सप्ताह के अंतिम दिनों में होने वाले यातायात जाम से लोगों को जल्द राहत दिलाने के लिए बायपास का काम सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि इस काम के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं आयेगी। जरूरी धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है, ताकि काम में कोई बाधा न आए। उन्होंने बायपास निर्माण में तेजी लाने और सभी जरूरी कार्य प्राथमिकता से पूरे करने को कहा।

श्री धामी ने रोड कटिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता तय मानकों के अनुरूप रखने को कहा और स्पष्ट किया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। काम समयबद्ध ढंग से पूरा करने के साथ नियमित निगरानी भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि बाबा नीम करौली धाम के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं और नैनीताल, रानीखेत, कौसानी, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा व बागेश्वर जाने वाले पर्यटकों की संख्या पिछले कुछ वर्षों में काफी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों का आना हर्ष का विषय है, लेकिन यह यातायात के लिए चुनौती भी है, इसलिए सरकार सड़क व्यवस्था बेहतर कर रही है। पर्यटन सुविधाओं का विस्तार, बेहतर यातायात प्रबंधन और स्थानीय लोगों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में है।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त दीपक रावत ने प्रगति की जानकारी दी। लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं ने बताया कि प्रथम चरण के लिए 175.4 लाख रुपये और द्वितीय चरण के लिए 469.59 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। कार्य की भौतिक प्रगति 15 प्रतिशत है और 14 प्रतिशत धनराशि खर्च हो चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित