काठगोदाम , मार्च 27 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले की पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजू नाथ टीसी के निर्देश में लगातार उपद्रवियों पर कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में नैनीताल पुलिस ने 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत काठगोदाम में शराब के नशे में हुड़दंग मचाने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि दोनों ने एक वाहन चालक के साथ मारपीट कर उसकी गाड़ी में तोड़फोड़ की थी, इसी क्रम में काठगोदाम पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग मचाने और मारपीट करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन को सीज कर दिया है।

घटना बुधवार की शाम करीब सात बजे की है, जब नरीमन तिराहे के पास कुछ युवक शराब के नशे में एक वाहन चालक के साथ अभद्रता और मारपीट करने लगे। इतना ही नहीं, आरोपियों ने चालक की गाड़ी में तोड़फोड़ कर सार्वजनिक शांति को भी बाधित किया।

सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना स्थल की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर आज उन्हें उन्हें हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में भाष्कर सिंह बिष्ट (23 वर्ष) निवासी पदमपुरी मुक्तेश्वर और हिमांशु कुमार (25 वर्ष), निवासी नवाबी रोड हल्द्वानी शामिल हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 172(2) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया, साथ ही घटना में उपयोग किए गए वाहन को भी जब्त कर लिया।

नैनीताल पुलिस ने आम जनता और पर्यटकों से भी अपील की है कि वे कानून का पालन करें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित