फिरोजाबाद , सितंबर 9 -- फिरोजाबाद में ब्लॉक नारखी की ग्राम पंचायतों में "महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर मौके पर काम दिखाई नहीं देने के बावजूद मनरेगा के तहत मजदूरों की हाजिरी दर्ज की जा रही है। शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

ग्राम पंचायत कातिकी में सदस्य प्रधान के वित्तीय अधिकार छीने जाने के बाद एडीओ पंचायत को प्रशासक नियुक्त किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में मनरेगा के तहत कई संपर्क मार्गों पर कार्य दर्शाकर मजदूरों की हाजिरी लगाई जा रही है, जबकि मौके पर काम नहीं हो रहा है।

गांव निवासी नितिन ने बताया कि पंचायत के चार संपर्क मार्गों पर करीब 150 मजदूरों के कार्य करने की हाजिरी लगातार दर्ज की जा रही है। उनका आरोप है कि इन मार्गों पर मौके पर अब तक कोई कार्य नहीं हुआ है। वहीं, ग्रामीण आकाश का कहना है कि उनके घर से कुछ दूरी पर स्थित संपर्क मार्ग पर भी मनरेगा का कार्य कागजों में चलता दिखाया जा रहा है, जबकि मौके पर किसी तरह का काम नहीं हुआ है।

ग्रामीणों ने मनरेगा के तहत दर्शाए गए कार्यों का मौके पर भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सत्यापन के बाद ही संबंधित कार्यों का भुगतान किया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि बिना कार्य कराए भुगतान किया गया तो वह मामले की शिकायत जिला अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री से भी करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित